हर घर तिरंगा अभियान के तहत रुधौली में सुमन सिंह ने फहराया तिरंगा, दिया एकता का संदेश

हर घर तिरंगा अभियान के तहत रुधौली में सुमन सिंह ने फहराया तिरंगा, विकास को लेकर जताई प्रतिबद्धता

सौरभ वीपी वर्मा
तहकीकात समाचार

रुधौली, बस्ती। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य सुमन सिंह ने रुधौली विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में तिरंगा लगाया। उन्होंने सल्टौआ, सोनहा, भानपुर सहित कई प्रमुख चौराहों, बाजारों और दुकानों पर पहुंचकर लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया।

अभियान के दौरान सुमन सिंह ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों से संवाद करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाने की अपील की।

इस दौरान उन्होंने पार्टी की नीतियों और विचारधारा को बेहतर बताते हुए कहा कि पार्टी हमेशा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और विकास को प्राथमिकता देने की दिशा में काम करती रही है। उन्होंने कहा कि राजनीति का वास्तविक उद्देश्य जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना होना चाहिए।

सुमन सिंह ने कहा कि रुधौली विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए उनका प्रयास सदैव जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिले और गांवों को अच्छी सड़कों से जोड़ा जाए, यह उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि रुधौली क्षेत्र में जनता से उनका जुड़ाव पिछले 15 वर्षों से लगातार बना हुआ है और वह क्षेत्र की समस्याओं को करीब से समझने का प्रयास करती हैं। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है।

हर घर तिरंगा अभियान के दौरान क्षेत्र में लोगों के बीच देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को याद करने का भी दिन है।


और नया पुराने