NHM संविदा कर्मचारियों ने भरी हुंकार, लंबित मांगों को लेकर आंदोलन की रणनीति पर मंथन

NHM संविदा कर्मचारियों ने भरी हुंकार, लंबित मांगों को लेकर आंदोलन की रणनीति पर मंथन

सौरभ वीपी वर्मा
तहकीकात समाचार

बस्ती। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ बने संविदा कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर संगठन को और धार देने की तैयारी शुरू कर दी है। शनिवार को उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ की जिला इकाई की बैठक में संगठन के विस्तार के साथ ही कर्मचारियों की समस्याओं और लंबित मांगों को शासन स्तर तक मजबूती से पहुंचाने की रणनीति पर मंथन हुआ। जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी के विस्तार के साथ पदाधिकारियों ने एकजुट होकर संघर्ष को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
बैठक में प्रदेश महामंत्री आदित्य भारती, मंडल अध्यक्ष डॉ. वी.के. वर्मा, संरक्षक डॉ. नीरज त्रिपाठी एवं राकेश पाण्डेय की मौजूदगी में संविदा कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालने के बावजूद संविदा कर्मचारियों की कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। उनका आरोप है कि कर्मचारियों की समस्याओं से शासन स्तर पर अवगत कराने के बावजूद अपेक्षित समाधान नहीं हो सका है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राकेश पाण्डेय ने कहा कि संगठन का उद्देश्य सिर्फ पदाधिकारियों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि कर्मचारियों की आवाज को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक एकजुटता के साथ लंबित मांगों को लेकर आगे की रणनीति तैयार की जा रही है।

प्रदेश महामंत्री आदित्य भारती ने कहा कि संविदा कर्मचारियों की मूलभूत सुविधाओं, सम्मान और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को जिला स्तर से प्रदेश एवं केंद्र सरकार तक पहुंचाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए संगठन को प्रत्येक स्तर पर सक्रिय किया जाएगा।

मंडल अध्यक्ष डॉ. वी.के. वर्मा ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर पर संगठन अपनी बात प्रभावी ढंग से रखेगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर कर्मचारी सामूहिक रूप से अपनी आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को हर स्तर पर मजबूत करने के लिए ब्लॉक एवं जिला स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और कर्मचारियों को एकजुट करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

बैठक के दौरान नवनियुक्त एवं पदोन्नत पदाधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से संगठन की मजबूती के लिए आपसी एकजुटता बनाए रखने और अपने अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर संगठित होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार, जिला महामंत्री आनंद गौरव शुक्ला, जिला सचिव राकेश कुमार, जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित पांडेय, महिला संगठन मंत्री अनीता सहित जनपद एवं ब्लॉक स्तर के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।
और नया पुराने