जदयू ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कसी कमर
बस्ती में जिला प्रभारी रजनीश पटेल का हुआ भव्य स्वागत, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
बस्ती। कृष्ण भगवती चौराहा स्थित कैंप कार्यालय पर जनता दल यूनाइटेड की मासिक बैठक जिला अध्यक्ष राजेश चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर प्रदेश उपाध्यक्ष रजनीश पटेल को बस्ती जिले का प्रभारी नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई। प्रभारी बनने के बाद कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने फूल-माला एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया।
बैठक को संबोधित करते हुए नवनियुक्त जिला प्रभारी रजनीश पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी संगठन को मजबूत करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व की ओर से प्रदेश में भाजपा के साथ गठबंधन के तहत 25 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी का संकेत दिया गया है। बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र में भी जदयू एनडीए गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र के 420 बूथों पर बूथ अध्यक्षों के गठन का कार्य चल रहा है। पार्टी के “एक बूथ, 10 यूथ” अभियान को सितंबर माह के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
रजनीश पटेल ने कहा कि जनता दल यूनाइटेड बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा लागू की गई योजनाओं एवं लिए गए निर्णयों को विकास के मॉडल के रूप में जनता के बीच ले जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता होगी।
बैठक में नागेंद्र कुमार को पुनः जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं जिला अध्यक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी नेतृत्व जिस भी प्रत्याशी को टिकट देगा, संगठन के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर उसे जिताने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि बस्ती में जदयू के संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी रजनीश पटेल, जिला अध्यक्ष राजेश चौधरी, प्रदेश सचिव प्रवीण चौधरी, जिला उपाध्यक्ष अजीत पासवान, राम रक्षा चौधरी, जिला सचिव द्वारका प्रसाद, बस्ती सदर ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. श्याम नारायण चौधरी, श्याम भवन चौधरी, पिंटू चौधरी, आशुतोष चौधरी, धर्मवीर चौधरी, राम शंकर शुक्ल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के अंत में जिला अध्यक्ष राजेश चौधरी ने जिलेभर से पहुंचे सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।