सौरभ वीपी वर्मा
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी ने अपने राष्ट्रीय संगठन में फेरबदल करते हुए बस्ती के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी है। दो बार लोकसभा का प्रतिनिधित्व कर चुके द्विवेदी लंबे समय से पार्टी के संगठनात्मक कामकाज से जुड़े रहे हैं। उनकी नई भूमिका को पूर्वांचल के लिहाज से भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
तेलियाजोत गांव निवासी हरीश द्विवेदी का जन्म 22 अक्टूबर 1971 को हुआ था। द्विवेदी ने दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय से वर्ष 1998 में राजनीति विज्ञान में परास्नातक की शिक्षा पूरी की। राजनीति में उनकी सक्रियता काफी पहले शुरू हो गई थी। वर्ष 1991 में उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़कर संगठनात्मक गतिविधियों में भाग लेना शुरू किया। एबीवीपी में अलग-अलग दायित्व निभाने के बाद उनका राजनीतिक सफर भाजपा के साथ आगे बढ़ा।
वर्ष 2012 में हरीश द्विवेदी ने बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरकर पहली बार सीधे चुनावी राजनीति में अपनी किस्मत आजमाई। हालांकि, इस चुनाव में उन्हें सफलता नहीं मिली और वह तीसरे स्थान पर रहे।
इसके दो साल बाद भाजपा ने उन्हें लोकसभा चुनाव में बस्ती से अपना प्रत्याशी बनाया। 2014 के आम चुनाव में जीत हासिल कर वह पहली बार संसद पहुंचे। इसके बाद 2019 में भी पार्टी ने उन्हें बस्ती लोकसभा सीट से मैदान में उतारा और उन्होंने लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए 17वीं लोकसभा में अपनी जगह बनाई।
सांसद के रूप में हरीश द्विवेदी विभिन्न संसदीय समितियों से जुड़े रहे। ऊर्जा संबंधी स्थायी समिति के अलावा उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी और वित्त संबंधी स्थायी समितियों में भी काम किया। वर्ष 2014 से 2019 के बीच वह कोयला मंत्रालय की सलाहकार समिति के सदस्य भी रहे।
संसद के साथ-साथ संगठन में भी उनकी सक्रियता बनी रही। भाजपा में राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी संभालने के अलावा उन्हें विभिन्न राज्यों में संगठन को मजबूत करने का दायित्व मिला। वर्ष 2021 में उन्हें बिहार भाजपा का सह-प्रभारी बनाया गया और बाद में प्रभारी की भूमिका भी सौंपी गई।
वर्ष 2024 से वह असम में भाजपा के संगठनात्मक कार्यों को देख रहे हैं। यहां पार्टी के संगठन को बूथ और जमीनी स्तर तक मजबूत करने की दिशा में उन्होंने काम किया।
अब राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में हरीश द्विवेदी की भूमिका पहले की तुलना में और व्यापक हो गई है। विद्यार्थी परिषद से शुरू हुआ उनका राजनीतिक सफर विधानसभा चुनाव, दो बार लोकसभा सदस्य, संसदीय समितियों और विभिन्न राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों से होते हुए भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचा है।
बस्ती जिले से निकलकर भाजपा के केंद्रीय संगठन में महत्वपूर्ण दायित्व हासिल करने वाले हरीश द्विवेदी को महामंत्री बनाये जाने पर जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल बना हुआ है।