विधानसभा चुनाव से पहले RLD का बड़ा फैसला, ऐश्वर्य राज सिंह बने उत्तर प्रदेश अध्यक्ष
सौरभ वीपी वर्मा
तहकीकात समाचार
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय लोक दल (RLD) ने संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने ऐश्वर्य राज सिंह को उत्तर प्रदेश का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर उनकी नियुक्ति की जानकारी साझा करते हुए उन्हें बधाई दी गई है।
ऐश्वर्य राज सिंह की नियुक्ति पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय के इस्तीफे के बाद हुई है। शुक्रवार को ही रामाशीष राय ने राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी को अपना इस्तीफा सौंपा था। उनके इस्तीफे के बाद से ही पार्टी में नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं।
हालांकि, RLD ने इन अटकलों के बीच बेहद तेजी से फैसला लेते हुए कुछ ही घंटों के भीतर ऐश्वर्य राज सिंह के नाम पर मुहर लगा दी। पार्टी के केंद्रीय कार्यालय की ओर से उनकी नियुक्ति की आधिकारिक सूची जारी कर दी गई।
रामाशीष राय के इस्तीफे के तुरंत बाद नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव से पहले संगठन की कमान नए चेहरे को सौंपे जाने से RLD की आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
ऐश्वर्य राज सिंह के सामने अब उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने की चुनौती होगी। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनकी नियुक्ति के बाद पार्टी के भीतर और प्रदेश की राजनीति में इसके प्रभाव को लेकर भी निगाहें बनी हुई हैं।
रामाशीष राय के इस्तीफे और उसके कुछ ही घंटों बाद नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा ने उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में हलचल है।