यूपी में SIR प्रक्रिया पूरी, फाइनल वोटर लिस्ट जारी; 2 करोड़ से अधिक नाम कटे
सौरभ वीपी वर्मा
तहकीकात समाचार
लखनऊ/बस्ती। उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी हो गई है। चुनाव आयोग ने शुक्रवार दोपहर 12 बजे फाइनल मतदाता सूची जारी कर दी। जारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 2 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, जबकि ड्राफ्ट सूची के बाद 84 लाख नए मतदाता जोड़े गए हैं।
बताया गया कि 6 जनवरी को जारी ड्राफ्ट सूची में करीब 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए थे। इसके बाद दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होने पर अंतिम सूची प्रकाशित की गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि 27 अक्टूबर 2025 को यूपी समेत 12 राज्यों में SIR अभियान शुरू किया गया था। 6 जनवरी को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद 3.26 करोड़ मतदाताओं को नोटिस जारी कर उनकी सुनवाई की गई।
उन्होंने बताया कि दावे और आपत्तियों के लिए करीब दो महीने का समय दिया गया था। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 10 अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि कोई भी मतदाता आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना नाम चेक कर सकता है। यदि किसी का नाम सूची में नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर पुनः आवेदन कर सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नाम न होने पर घबराने की जरूरत नहीं है, निर्धारित प्रक्रिया के तहत इसे जोड़ा जा सकता है।