नाबालिग छात्रा को गोली मारने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार

नाबालिग छात्रा को गोली मारने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार 

सौरभ वीपी वर्मा
तहकीकात समाचार

बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा को गोली मारने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मंदीप पासवान (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो उसी गांव का निवासी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार कलवारी थाना क्षेत्र के बैडारी एहतमाली गांव में 12वीं कक्षा की छात्रा सोमवार देर रात अपने घर के बरामदे में अपने छोटे भाई के साथ सो रही थी। इसी दौरान आरोपी घर के पीछे के रास्ते से अंदर घुसा और सो रही छात्रा पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय शोर सुनकर छात्रा की मां भी जाग गईं, जिन पर भी आरोपी ने फायरिंग की, हालांकि वह सुरक्षित बच गईं।

बताया जा रहा है कि आरोपी पहले से ही छात्रा से जुड़े एक गंभीर मामले में नामजद था और इस संबंध में कलवारी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

पुलिस के अनुसार गुरुवार देर रात सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
और नया पुराने