प्रेम संबंध के विरोध में पिता की हत्या, बेटी और प्रेमी गिरफ्तार; दुबौलिया पुलिस ने 24 घंटे में किया हत्याकांड का खुलासा
बस्ती, 23 अगस्त 2026। दुबौलिया थाना क्षेत्र में रिश्तों को झकझोर देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए मृतक की बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रेम संबंध का विरोध करने पर युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पिता की हत्या कर दी। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर नहर से हत्या में प्रयुक्त खून से सनी हंसिया, गमछा और 700 रुपये बरामद किए गए हैं।
मामले में मृतक के भाई काशी प्रसाद की तहरीर पर थाना दुबौलिया में मुकदमा अपराध संख्या 158/2026 के तहत धारा 103(1), 238 और 3(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकान्त तथा सीओ कलवारी बृजेश सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष जीवन त्रिपाठी की टीम ने कार्रवाई करते हुए लक्ष्मण पुत्र राजू निवासी बभरौली और उसकी प्रेमिका दुर्गा पुत्री स्व. कृष्णा प्रसाद निवासी रमवापुर तिवारी, थाना छावनी को जैतापुर मोड़, रामजानकी मार्ग से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार दोनों नासिक भागने की तैयारी में थे।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में लक्ष्मण ने बताया कि 21 अगस्त को दोपहर दोनों बभरौली में नहर के पास खेत में मिले थे। इसी दौरान दुर्गा के पिता कृष्णा प्रसाद वहां पहुंच गए। दोनों को साथ देखकर उन्होंने विरोध किया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान लक्ष्मण और दुर्गा ने मिलकर कृष्णा प्रसाद को जमीन पर पटक दिया।
पुलिस के अनुसार, लक्ष्मण उनके सीने पर चढ़ गया और दोनों ने हंसिया से गले व सीने पर वार किए। इसके बाद हंसिया की मूठ से सिर पर प्रहार किया गया। आरोप है कि दोनों ने मृतक के गमछे से उसका गला भी घोंट दिया। मृत्यु की पुष्टि होने के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया और हत्या में प्रयुक्त हंसिया वहीं छिपा दी गई।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद दोनों आरोपी नासिक भागने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर नहर से हत्या में प्रयुक्त हंसिया, गमछा और 700 रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद जेल भेज दिया।
हत्याकांड के खुलासे और गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष जीवन त्रिपाठी, अरुण कुमार पांडेय, अजय कुमार पांडेय, हेड कांस्टेबल सचिन मिश्रा, संदीप सिंह, महिला कांस्टेबल निकिता तथा खुशबू सिंह शामिल रहीं।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह प्रेम संबंध का विरोध सामने आई है। मामले में पुलिस द्वारा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।