बस्ती-अघोषित बिजली कटौती का मुद्दा गरमाया, विधायक ने मुख्य अभियंता को सौंपा ज्ञापन

रुधौली विधानसभा क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती का मुद्दा गरमाया, विधायक ने मुख्य अभियंता को पत्र लिखकर समाधान की किया मांग

सौरभ वीपी वर्मा
तहकीकात समाचार

बस्ती। रुधौली विधानसभा क्षेत्र समेत जनपद बस्ती में लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती को लेकर क्षेत्रीय विधायक राजेन्द्र प्रसाद चौधरी ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के मुख्य अभियंता (वितरण), क्षेत्र-बस्ती को पत्र भेजकर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा और कटौती पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।
विधायक द्वारा आज यानी बुधवार को  दिये गए पत्र में कहा गया है कि पिछले कई सप्ताह से अघोषित बिजली कटौती के कारण आम जनमानस को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई, किसानों की सिंचाई, छोटे व्यापारियों एवं दुकानदारों के कारोबार तथा आम नागरिकों के दैनिक जीवन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

पत्र में कहा गया है कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार शहरी क्षेत्रों में लगभग 22 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 18 घंटे विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था है। इसके बावजूद वर्तमान में रुधौली, मानपुर, असनहरा, बघौड़ी, दसिया, गाऊखोर, बाघानगर आदि विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े क्षेत्रों में आपूर्ति कम होने की शिकायतें मिल रही हैं। विधायक के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में महज 8 से 10 घंटे तथा शहरी क्षेत्रों में करीब 12 से 14 घंटे बिजली मिलने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।

विधायक ने पत्र में विशेष रूप से रात के समय होने वाली अघोषित बिजली कटौती का मुद्दा उठाया है। उनका कहना है कि इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं किसानों को समय पर सिंचाई के लिए बिजली नहीं मिल पाने से फसलों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है।भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से बुजुर्गों, बच्चों और आम नागरिकों को भी परेशानी होने की बात पत्र में कही गई है।

विधायक ने विद्युत आपूर्ति की तत्काल समीक्षा कर अघोषित कटौती पर प्रभावी रोक लगाने तथा निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया है।इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्र में जहां-जहां लो-वोल्टेज की समस्या है, वहां ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर समस्या का समाधान करने की मांग भी की गई है। विधायक ने पत्र के माध्यम से विद्युत विभाग से क्षेत्र की आपूर्ति व्यवस्था में सुधार कर उपभोक्ताओं को निर्धारित शेड्यूल के अनुरूप बिजली उपलब्ध कराने की अपेक्षा की है।
और नया पुराने