दसिया में एथेनॉल प्लांट घेराव की घोषणा के बाद प्रशासन अलर्ट, धारा 163 लागू

दसिया में एथेनॉल प्लांट घेराव की घोषणा के बाद प्रशासन अलर्ट, धारा 163 लागू; उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

सौरभ वीपी वर्मा
तहकीकात समाचार

भानपुर (बस्ती)। तहसील भानपुर के ग्राम दसिया स्थित मैसर्स अनीता डिस्टलरी प्राइवेट लिमिटेड एथेनॉल प्लांट पर 14 जुलाई को प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन और घेराव को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 163 के प्रभावी होने की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी जारी की है।
आपको बता दें कि 14 जुलाई को एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में ग्रामीणों द्वारा बड़े पैमाने पर घेराव एवं धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे फैक्ट्री को बंद कराने की मांग को लेकर एकत्र होंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

प्रशासन की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, सूचना मिली है कि कुछ तत्व ग्रामीणों को भड़काकर एथेनॉल प्लांट परिसर का घेराव और बड़े स्तर पर प्रदर्शन कराने की तैयारी कर रहे हैं। खुफिया तंत्र से प्राप्त इनपुट के आधार पर आशंका जताई गई है कि प्रदर्शन की आड़ में कुछ अराजक तत्व शांति व्यवस्था भंग करने, तोड़फोड़ करने तथा सरकारी एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर सकते हैं।

उप जिलाधिकारी भानपुर ने बताया कि जनपद में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला मजिस्ट्रेट बस्ती के आदेशानुसार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 163 (पूर्व में धारा 144 सीआरपीसी) 29 अगस्त 2026 तक प्रभावी है। ऐसे में बिना अनुमति किसी भी प्रकार की भीड़, प्रदर्शन या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि प्रतिबंधित रहेगी।

प्रशासन ने प्रभारी निरीक्षक थाना रुधौली को क्षेत्र में सतर्क निगरानी रखने तथा निषेधाज्ञा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई व्यक्ति या समूह कानून अपने हाथ में लेने का प्रयास करता है या धारा 163 का उल्लंघन करता है, तो उसके विरुद्ध विधि सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने की अपील की है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
और नया पुराने