बस्ती- दर्दनाक सड़क हादसा, ढाई वर्षीय मासूम की मौत
सौरभ वीपी वर्मा
तहकीकात समाचार
बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवघाट मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार पिता और उसके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक सवार युवक भी जख्मी हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय बुद्धिराम अपने बच्चों के साथ साइकिल से भिरिया बाजार जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल सवार पिता बुद्धिराम, उनकी 6 वर्षीय पुत्री अनुष्का और ढाई वर्षीय पुत्र रुद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बाइक सवार 22 वर्षीय विनय कुमार, निवासी टोला रामनगर, भी हादसे में घायल हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नजदीकी सीएचसी अमरौली शुमाली पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी की हालत नाजुक बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने ढाई वर्षीय मासूम रुद्र को मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं घायल बच्ची अनुष्का और पिता बुद्धिराम की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।