मरहा में न्याय पंचायत स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता संपन्न

मरहा में न्याय पंचायत स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता संपन्न

स्कूली बच्चों ने दिखाया खेल कौशल, विजेता खिलाड़ी ब्लॉक स्तर के लिए चयनित

सौरभ वीपी वर्मा

बस्ती। खेलो इंडिया एवं समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय मरहा, न्याय पंचायत मरवटिया, विकास खंड बस्ती सदर में बुधवार को न्याय पंचायत स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। सत्र 2025-26 की इस प्रतियोगिता में न्याय पंचायत क्षेत्र के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण अंचल के बच्चों में खेल भावना विकसित करना, शारीरिक क्षमता को सुदृढ़ करना तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करना रहा। दिनभर चले खेल आयोजनों में बच्चों ने अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का परिचय दिया। विजयी प्रतिभागियों का चयन आगामी ब्लॉक एवं जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया गया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत कबड्डी, खो-खो, 100 मीटर दौड़ एवं लंबी कूद की स्पर्धाएं आयोजित की गईं। बालक वर्ग की कबड्डी में कंपोजिट विद्यालय मंझरिया ने प्रथम तथा प्राथमिक विद्यालय मरहा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। खो-खो में प्राथमिक विद्यालय मरहा प्रथम और कंपोजिट विद्यालय मंझरिया द्वितीय रहा। 100 मीटर दौड़ में आदर्श (मरहा) प्रथम, गोवर्धन (मंझरिया) द्वितीय एवं रिंकू (मरहा) तृतीय स्थान पर रहे। लंबी कूद में गोवर्धन (मंझरिया) प्रथम, सोनू (मंझरिया) द्वितीय एवं गुलाब (मंझरिया) तृतीय रहे।

बालिका वर्ग की कबड्डी में कंपोजिट विद्यालय मंझरिया ने प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त किया। खो-खो में कंपोजिट विद्यालय मंझरिया प्रथम तथा प्राथमिक विद्यालय मरहा द्वितीय रहा। 100 मीटर दौड़ में खुशबू (मरहा) प्रथम, रेखा (मंझरिया) द्वितीय एवं पूजा (मरहा) तृतीय रहीं। लंबी कूद में अंजना (मरहा) प्रथम, राधा (मरहा) द्वितीय एवं शहाना (मंझरिया) तृतीय स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अखिल कुमार यादव द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्चन के साथ किया गया। मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी बस्ती सदर विनोद कुमार त्रिपाठी रहे। विशिष्ट सहयोग में प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय मरहा सत्येंद्र सहाय, नोडल न्याय पंचायत मरवटिया बाबू बृजेश कुमार पाण्डेय एवं संजय कुमार आर्य की भूमिका सराहनीय रही।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षिका संगीता यादव, सुषमा सिंह, पंचायत सहायक मीना यादव, पंचायत कर्मी राम पूजन भारती, राम मिलन, रामसुंदर सिंह एवं संगीता देवी का विशेष योगदान रहा। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
विद्यालय परिसर में खेल मैदान की साज-सज्जा एवं प्रतिभागियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की गई। बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
और नया पुराने