एग्जिट पोल्स की चूक: इतिहास कहता है, भरोसा करने से पहले सोचिए!

एग्जिट पोल्स की चूक: इतिहास कहता है, भरोसा करने से पहले सोचिए!

रिपोर्ट: सौरभ वीपी वर्मा
तहकीकात समाचार

बिहार विधानसभा चुनाव खत्म हो चुका है और अब एग्जिट पोल के नतीजे सामने आ गए हैं। ज़्यादातर ओपिनियन पोल करने वाली एजेंसियों ने एनडीए को स्पष्ट बहुमत दिलाते हुए दिखाया है, जबकि कुछ सर्वेक्षण महागठबंधन की सरकार बनते हुए दिखा रहे हैं।
          ABP न्यूज़ द्वारा जारी एक्जिट पोल 

लेकिन सवाल यह है कि क्या इन एग्जिट पोल्स पर भरोसा किया जा सकता है? क्योंकि अगर इतिहास पर नज़र डालें, तो बार-बार ये सर्वे हकीकत से उलट साबित हुए हैं।

2023 का छत्तीसगढ़ चुनाव:
एग्जिट पोल्स ने कांग्रेस की आसान जीत का दावा किया था, लेकिन नतीजों में बीजेपी ने 50 से ज़्यादा सीटें जीतकर सत्ता में वापसी की और सभी एग्जिट पोल गलत साबित हुए।

2015 का दिल्ली चुनाव:
सर्वेक्षणों ने आम आदमी पार्टी को बहुमत तो दिया था, लेकिन नतीजों में आम आदमी पार्टी ने 70 में से 67 सीटें जीत लीं — यानी सारे अनुमान धराशायी हो गए।

2015 का बिहार चुनाव:
एग्जिट पोल्स ने एनडीए और महागठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला बताया था, लेकिन नतीजों में लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले महागठबंधन ने 178 सीटें जीत लीं। वहीं, जिस एनडीए को 114 सीटें मिलने का दावा किया गया था, वह 58 सीटों पर सिमट गया।

2024 का लोकसभा चुनाव:
कई एग्जिट पोल्स ने एनडीए को “400 पार” दिखाया था, लेकिन नतीजों में एनडीए 293 सीटों पर सिमट गया। बीजेपी की सीटें घटकर 240 रह गईं, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन ने 235 सीटें जीतकर सारे एग्जिट पोल्स को गलत साबित कर दिया।

2024 का हरियाणा चुनाव:
सर्वेक्षणों ने कांग्रेस को भारी बहुमत में बताया था। एग्जिट पोल्स ने कांग्रेस को 50 से ज्यादा सीटें मिलते हुए दिखाया था और बीजेपी को सिर्फ 20 सीटें दी थीं। लेकिन नतीजों में बीजेपी ने 48 सीटें जीतकर सबको चौंका दिया और एक बार फिर एग्जिट पोल झूठ साबित हुए।

2017 का उत्तर प्रदेश चुनाव:
लगभग सभी एग्जिट पोल्स ने ‘हंग विधानसभा’ की भविष्यवाणी की थी। ABP और इंडिया TV के पोल ने तो एनडीए और गठबंधन की सीटों को लगभग बराबर बताया था। मगर नतीजों में बीजेपी ने रिकॉर्डतोड़ 325 सीटें जीतकर एग्जिट पोल्स की साख को पूरी तरह गिरा दिया।

2014 का लोकसभा चुनाव:
एग्जिट पोल्स ने एनडीए को बहुमत के करीब दिखाया था, लेकिन नतीजों में बीजेपी अकेले 282 सीटें जीत गई और सर्वेक्षण फिर गलत साबित हुए।

2004 का लोकसभा चुनाव:
लगभग हर एग्जिट पोल ने एनडीए को 240 से 275 सीटें मिलने का अनुमान जताया था, लेकिन नतीजों में एनडीए को सिर्फ 187 सीटें मिलीं और कांग्रेस 216 सीटें जीतकर सत्ता में लौट आई।

इन तमाम आंकड़ों को देखने के बाद यह साफ है कि एग्जिट पोल्स की सटीकता पर सवाल उठते रहे हैं। 2004 से लेकर 2024 तक कई बार ऐसा हुआ जब सर्वेक्षणों के सारे समीकरण धराशायी हो गए।

इसलिए 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में भी जब तक आधिकारिक नतीजे नहीं आते, एग्जिट पोल्स को सिर्फ एक संकेत की तरह देखना ही समझदारी होगी।
और नया पुराने