सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरौली शुमाली जाने वाला रास्ता बदहाल, दुर्घटनाओं को दे रहा है दावत

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरौली शुमाली जाने वाला रास्ता बदहाल, दुर्घटनाओं को दे रहा है दावत

सौरभ वीपी वर्मा
तहकीकात समाचार बस्ती

बस्ती जनपद के भिरियाँ बाजार से अमरौली शुमाली तक जाने वाली सड़क की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है। यह वही मार्ग है जो करीब 5 करोड़ की लागत से बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरौली शुमाली की ओर जाता है, लेकिन दुर्भाग्यवश इस अस्पताल तक पहुंचने के लिए लोगों को जान हथेली पर रखकर गुजरना पड़ता है।
सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है और हर दो कदम पर गड्ढे हैं, जिनमें बरसात के दिनों में पानी भर जाता है। इससे न सिर्फ दुपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही में दिक्कत होती है, बल्कि रोजाना दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

यह सड़क केवल अस्पताल तक सीमित नहीं है, बल्कि इसी रास्ते से दो प्रमुख विद्यालयों सहित दर्जनों गांवों के हजारों लोग आवागमन करते हैं। ग्रामीणों, मरीजों, स्कूली बच्चों और कर्मचारियों के लिए यह मार्ग एकमात्र संपर्क माध्यम है। लेकिन यातायात की सुगमता के बजाय यह रास्ता मुसीबत का पर्याय बन गया है।

अमरौली शुमाली में बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से क्षेत्रीय लोगों को काफी उम्मीदें थीं। इसका निर्माण क्षेत्रीय स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए किया गया था। लेकिन सड़क की बदहाली के कारण गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना संभव नहीं हो पाता जिससे मरीज की जान जोखिम में पड़ जाती है।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और लोक निर्माण विभाग से इस सड़क की मरम्मत की मांग की जा चुकी है। लेकिन अब तक केवल आश्वासन मिला है, काम धरातल पर नहीं उतरा।

यह सवाल उठता है कि जब करोड़ों की लागत से अस्पताल बनाया जा सकता है, तो उस तक पहुंचने वाला रास्ता ठीक क्यों नहीं किया जा सकता? क्या यह विकास सिर्फ कागजों पर सीमित रहेगा?
और नया पुराने