20 मई तक मानदेय नहीं मिला तो एनएचएम कर्मचारी करेंगे कार्य बहिष्कार
तहकीकात समाचार
बस्ती। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारियों के लंबित मानदेय को लेकर अब कर्मचारियों का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। रविवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ (रजि०), उत्तर प्रदेश के बैनर तले कर्मचारियों ने जिला अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार के नेतृत्व में मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) को ज्ञापन सौंपकर दो माह से लंबित मानदेय के शीघ्र भुगतान की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश भर के एनएचएम संविदा कर्मचारियों को मार्च और अप्रैल 2026 का मानदेय अब तक नहीं मिल सका है। इससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत के बीच बच्चों की फीस, किताबें और घरेलू आवश्यकताओं की व्यवस्था करना कर्मचारियों के लिए मुश्किल होता जा रहा है।
संगठन के प्रदेश महामंत्री आदित्य भारती ने कहा कि लगातार मानदेय भुगतान में हो रही देरी से कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। उन्होंने शासन से मांग की कि सभी एनएचएम संविदा कर्मचारियों का लंबित मानदेय तत्काल जारी किया जाए।
जिला महामंत्री आनंद गौरव शुक्ला ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 20 मई 2026 तक दो माह का बकाया मानदेय जारी नहीं किया गया, तो प्रदेशीय कार्यकारिणी के आह्वान पर 21 मई से जनपद के समस्त कर्मचारी “नो पे-नो वर्क” नीति अपनाते हुए कार्य बहिष्कार करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
संगठन ने प्रशासन से कर्मचारियों की समस्याओं का तत्काल समाधान निकालने तथा संभावित आंदोलन की स्थिति से बचने की अपील की है।
ज्ञापन कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष डॉ. बी. वर्मा, मंडल महामंत्री अभिषेक कुमार, डॉ. अमित पांडेय, डॉ. इंद्रेश चौधरी, डॉ. राकेश कुमार, अमित कुमार, ईश्वर पाण्डेय, देवानंद पाठक, डॉ. गोपाल कृष्ण राय, अजीत प्रजापति, अवधेश मिश्रा, डॉ. डी.एस. कुशवाहा, राजनरायन, विनय सिंह समेत जिला चिकित्सालय एवं जिला महिला चिकित्सालय की स्टाफ नर्स और दर्जनों कर्मचारी मौजूद