20 मई तक मानदेय न मिलने पर 21 मई से एनएचएम कर्मियों का कार्य बहिष्कार की चेतावनी

एनएचएम संविदा कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन, 20 मई तक मानदेय न मिलने पर 21 मई से कार्य बहिष्कार की चेतावनी

बस्ती। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों ने लंबित मानदेय भुगतान को लेकर मंगलवार को काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। भारतीय मजदूर संघ से सम्बद्ध उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ (रजि.) के प्रांतीय अध्यक्ष ठाकुर मयंक प्रताप सिंह द्वारा घोषित कार्यक्रम के तहत प्रदेशभर के जनपदों में कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराया।

प्रदेश महामंत्री आदित्य भारती के नेतृत्व में कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर कार्य करते हुए काली पट्टी बांधकर विभागीय व्यवस्था के प्रति नाराजगी व्यक्त की। संघ के जिला अध्यक्ष डॉ. अजय ने बताया कि इस प्रदेशव्यापी प्रदर्शन में एनएचएम के संविदा चिकित्सक, एएनएम, स्टॉफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, सीएचओ, पैरामेडिकल स्टॉफ, बीपीएम, बीसीपीएम तथा मैनेजमेंट स्टॉफ सहित बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा कि मार्च एवं अप्रैल 2026 का मानदेय अब तक न मिलने से कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के बावजूद कर्मचारी बच्चों की फीस, पुस्तकें एवं दैनिक जरूरतों को पूरा करने में असमर्थ हैं, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।

जिला महामंत्री आनंद गौरव शुक्ला ने बताया कि विरोध कार्यक्रम 19 एवं 20 मई 2026 तक जारी रहेगा। यदि 20 मई तक लंबित मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो 21 मई 2026 से प्रदेशभर के एनएचएम संविदा कर्मचारी कार्य बहिष्कार करने को बाध्य होंगे। हालांकि जनहित को देखते हुए इमरजेंसी सेवाएं पूर्ववत संचालित की जाएंगी।

संघ पदाधिकारियों ने शासन एवं विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र लंबित मानदेय का भुगतान सुनिश्चित कराया जाए, ताकि आंदोलन की स्थिति समाप्त हो सके।
और नया पुराने